औरैया। जिले के बेला थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, जमीन और संपत्ति के विवाद के चलते आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक, बेला थाना क्षेत्र के पट्टी ज्ञानी गांव निवासी प्रमोद कुमार ने कथित रूप से अपनी पत्नी रेखा की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गया था।
घटना की जांच के दौरान बेला थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को भदौरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अंगौछा भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
स्थान: औरैया, उत्तर प्रदेश
