बरेली, उत्तर प्रदेश। बरेली जिले में लगातार हो रही बारिश और किच्छा नदी के तेज कटान का असर अब विकास परियोजनाओं पर भी दिखाई देने लगा है। शेरगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत बैरमनगर में जल जीवन मिशन के तहत करीब 3.97 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन ओवरहेड पानी की टंकी नदी के कटान की चपेट में आकर ढह गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह किच्छा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद इलाके में तेज भू-कटान शुरू हो गया था। सबसे पहले टंकी की सुरक्षा के लिए बनाई गई चारदीवारी नदी में समा गई। इसके बावजूद कटान लगातार जारी रहा और आखिरकार निर्माणाधीन ओवरहेड टंकी भी नदी में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। संभावित खतरे को देखते हुए टंकी परिसर में लगे सोलर पैनल, डीजी, स्काडा सिस्टम और जनरेटर समेत अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। हालांकि तेज कटान के कारण निर्माणाधीन टंकी को बचाया नहीं जा सका।
टंकी के ध्वस्त होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को ‘हर घर नल’ योजना के तहत मिलने वाली स्वच्छ पेयजल सुविधा को बड़ा झटका लगा है। अब इस परियोजना के पूरा होने में और अधिक समय लगने की संभावना जताई जा रही है।
मामले पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: प्रवीन कुमार शर्मा
स्थान: बरेली, उत्तर प्रदेश (4TV News)
