जालौन (उत्तर प्रदेश): जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र के सिमिरिया गांव में शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई। बिजली गुल होने का फायदा उठाकर चार हथियारबंद बदमाश रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी के घर में घुस गए। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर मारपीट की और लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, रघुवीर अहिरवार, जो रेलवे विभाग से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त हैं, अपनी पत्नी सिमकुरा के साथ घर में मौजूद थे। रात करीब 1:30 बजे अचानक बिजली चली गई। इसी दौरान चार बदमाश घर में घुस आए और तमंचा दिखाकर दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।
पीड़ितों के मुताबिक, बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और विरोध करने पर मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने घर में रखे बक्सों और अन्य सामान की तलाशी ली।
आरोप है कि बदमाश घर से सोने की पायल, नाक की कील, चांदी के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान लूट ले गए। इतना ही नहीं, महिला के शरीर पर पहने हुए जेवर भी उतरवा लिए। पीड़ित परिवार के अनुसार, लूटे गए जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना के समय दंपती घर में अकेले थे, जबकि उनके दोनों बेटे उरई में रहते हैं। बदमाशों के फरार होने के बाद दंपती ने किसी तरह आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है और बदमाशों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
रिपोर्टर: भीम राजावत
स्थान: जालौन, उत्तर प्रदेश
