एटा (उत्तर प्रदेश): श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान एटा में एक कथित जेबकतरे को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए हंगामा खड़ा हो गया। बाद में लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र में निकल रही शोभायात्रा के दौरान माया पैलेस चौराहे पर भारी भीड़ के बीच एक व्यक्ति कथित रूप से जेब काटते हुए पकड़ा गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत पकड़ लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पकड़ा गया व्यक्ति सिकंदराराऊ का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।
शोभायात्रा के दौरान जेबकतरे के पकड़े जाने की घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रिपोर्टर: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश
