गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): गाजियाबाद की इंदिरापुरम थाना पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 9 मोटरसाइकिलें और 5 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हानि और निखिल के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने वाहन चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि वे अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए गाजियाबाद के इंदिरापुरम और पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की गई मोटरसाइकिलों को आरोपी आगे ग्राहकों को बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे अपने निजी खर्चों और महंगे शौक पूरे करने में करते थे।
इंदिरापुरम पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वाहन चोरी गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी की अन्य वारदातों से इनका कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्टर (PTC): दीपांशु बैसला
स्थान: गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश
