बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बस में सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गाजियाबाद-अलीगढ़ जीटी रोड स्थित बिलसूरी फ्लाईओवर पर सुबह करीब 3:57 बजे हुआ। उरई डिपो की यूपी रोडवेज बस मैनपुरी से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सुधा (50) पत्नी रवि, निवासी हुमायूपुर बगीची, फिरोजाबाद, की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि बस चालक को सफर के दौरान नींद की झपकी आने से वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस दुर्घटना में अनुष्का, संगीता, रामशंकर, सुनीता, सुरेश, संजीव, रमेश वर्मा, अवधेश, श्यामबाबू, लक्ष्मी और अजीत कुमार घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदराबाद पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
हादसे के बाद बस चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक दोनों वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जबकि फरार चालकों की तलाश जारी है।
