बहराइच। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस टीम बैंड-बाजे के साथ आरोपियों के घर पहुंची और कुर्की की नोटिस चस्पा करते हुए माइक से सार्वजनिक रूप से उन्हें जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।
मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव का है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी इरशाद और दिनेश पर आरोप है कि उन्होंने गांव की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बाद में पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उन्हें अभियुक्त बनाते हुए न्यायालय में आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिया। हालांकि, चार्जशीट दाखिल होने के बाद भी दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत दोनों आरोपियों के घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा की। इस दौरान माइक से घोषणा कर आरोपियों को चेतावनी दी गई कि वे तत्काल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करें अथवा न्यायालय में सरेंडर करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करने पर आरोपियों की संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
