Newborn Allegedly Bitten By Rat In Civil Hospital, Questions Raised Over Safety Measures
नरसिंहपुर/गाडरवारा। शासकीय सिविल अस्पताल गाडरवारा से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां अस्पताल में भर्ती एक नवजात शिशु को कथित रूप से चूहे द्वारा काटे जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं और परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नानदनेर निवासी कुमकुम नामक महिला ने हाल ही में सिविल अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान नवजात के हाथ को चूहे ने काट लिया, जिससे उसके हाथ में चोट आ गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन परेशान हो गए और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए।
इस घटना ने अस्पताल की साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था और नवजात वार्ड की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस वार्ड में नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, वहां चूहों की मौजूदगी को लेकर लोग चिंता जता रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पतालों में स्वच्छता और पेस्ट कंट्रोल के लिए शासन द्वारा नियमित बजट उपलब्ध कराया जाता है। इसके बावजूद यदि ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो यह व्यवस्था में कहीं न कहीं गंभीर चूक की ओर संकेत करती हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि अस्पताल के नवजात वार्ड में ही बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी?
फिलहाल मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना की पुष्टि और वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
