Attack on US Consulate in Karachi
कराची: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर के बाद पाकिस्तान में कई जगहों पर गुस्सा देखा गया। कराची में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और अमेरिकी कॉन्सुलेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और कुछ लोगों ने कॉन्सुलेट परिसर में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी की।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई। इस दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पहले आंसू गैस के गोले छोड़े और बाद में लाठीचार्ज किया। झड़प में कम से कम 9 लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पाकिस्तान के अखबार डॉन अखबार ने कराची के सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के अधिकारियों के हवाले से बताया कि अधिकतर मृतकों को गोली लगी थी। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें सैकड़ों लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए नारेबाजी करते और परिसर में नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तेहरान पर हुए अमेरिकी-इजरायली हवाई हमलों में खामेनेई की मौत हुई, जिसके बाद पाकिस्तान समेत कई देशों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। कराची में प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ‘ईरान जिंदाबाद’, ‘अमेरिका मुर्दाबाद’ और ‘इजरायल मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए।
स्थिति पर काबू पाने के लिए सुरक्षा बलों को अतिरिक्त तैनाती करनी पड़ी। प्रशासन ने शहर में सतर्कता बढ़ा दी है और शांति बनाए रखने की अपील की है। तीन दशक से अधिक समय से ईरान की सत्ता और राजनीति पर मजबूत पकड़ बनाए रखने वाले सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अब इतिहास बन चुके हैं.
