Canada PM Mark Carney to Visit India from Feb 27; Will Arrive in Delhi on March 1
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 27 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह मार्क कार्नी की प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली भारत यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय (MEA) ने उनके दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है।
मुंबई से होगी दौरे की शुरुआत
MEA के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्नी 27 फरवरी को मुंबई पहुंचेंगे। 27 और 28 फरवरी को वे मुंबई में विभिन्न व्यावसायिक और आर्थिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह भारतीय और कनाडाई उद्योगपतियों, सीईओ, वित्तीय विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और कनाडाई पेंशन फंड प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
1 मार्च को दिल्ली आगमन
प्रधानमंत्री कार्नी 1 मार्च को नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके अगले दिन यानी 2 मार्च को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मार्क कार्नी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता आयोजित होगी।
रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
दोनों नेताओं के बीच व्यापार और निवेश, ऊर्जा सहयोग, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, रिसर्च, इनोवेशन और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक हालातों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
सीईओ फोरम में भी होंगे शामिल
वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्री भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भी हिस्सा लेंगे। इस बैठक में द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह दौरा भारत-कनाडा संबंधों को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
