कुशीनगर। कुशीनगर पुलिस ने सेवरही थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सैमसंग मोबाइल, उसका टूटा हुआ कवर, 9,100 रुपये नकद तथा मोबाइल से जुड़े अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना 15 अगस्त की है। सेवरही थाना क्षेत्र निवासी दिलीप सिंह अपनी पत्नी पम्मी पटेल और पुत्र आदर्श सिंह के साथ तमकुहीराज मेले से रात करीब 10 बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान अहिरौली हनुमान सिंह गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी पत्नी का हैंडबैग छीन लिया और फरार हो गए। हैंडबैग में 10 हजार रुपये नकद और एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल रखा हुआ था।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने फैज शेख, नजरे आलम और आमिर अली को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, एक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपनी पत्नी को नया मोबाइल दिलाने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 9,100 रुपये और मोबाइल से संबंधित सामान बरामद किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आमिर अली कथित रूप से चोरी के मोबाइलों को खोलकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर पश्चिम बंगाल में बेचने का काम करता था। पुलिस ने उसकी दुकान से 18 खुले मोबाइल, बड़ी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स और कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनकी संलिप्तता अन्य चोरी और लूट की घटनाओं में तो नहीं रही है।
रिपोर्ट: अहमद हुसैन
लोकेशन: कुशीनगर
