Texas Shooting Kills 4 Including Indian-Origin Student; Probe Links Incident to Iran Conflict
वॉशिंगटन/ऑस्टिन: अमेरिका के टेक्सस राज्य के ऑस्टिन शहर में एक बार के बाहर हुई अंधाधुंध फायरिंग में चार लोगों की मौत हो गई। अब इस घटना में 21 वर्षीय भारतीय मूल की छात्रा सविता शान के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
घटना रविवार को वेस्ट सिक्स्थ स्ट्रीट स्थित भीड़भाड़ वाले एंटरटेनमेंट डिस्ट्रिक्ट में हुई, जहां एक बंदूकधारी ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। सविता शान ऑस्टिन की निवासी थीं और यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सस एट ऑस्टिन में डुअल-डिग्री सीनियर छात्रा थीं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम और इकोनॉमिक्स की मेधावी छात्रा बताया है।
इस घटना से ऑस्टिन में रहने वाले भारतीय समुदाय, खासकर सिलिकॉन हिल्स कॉरिडोर से जुड़े छात्रों और तकनीकी पेशेवरों में शोक और सदमा है।
हमले के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच
अमेरिका और इजरायल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां संभावित अंतरराष्ट्रीय या वैचारिक कनेक्शन की जांच कर रही हैं। एफबीआई की ज्वाइंट टेररिज्म टास्क फोर्स इस मामले की अगुवाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध की पहचान 53 वर्षीय नडियागा डायग्ने के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सेनेगल का रहने वाला अमेरिकी नागरिक था। पुलिस ने उसे मौके पर ही मार गिराया। जांच के दौरान उसके घर से एक ईरानी झंडा और कथित रूप से कट्टरपंथी लिखावट बरामद होने की बात सामने आई है।
हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक हमले और ईरान संघर्ष के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
