Tensions Rise in Afghanistan: Pakistani Jets Allegedly Bomb Bagram Airbase, Explosions Rock Kabul
काबुल: ईरान पर जारी हमलों के बीच अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव और बढ़ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तानी वायु सेना के फाइटर जेट ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के बाहरी इलाके में स्थित बगराम एयरबेस को निशाना बनाते हुए बमबारी की। रविवार सुबह काबुल में जोरदार धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनी गईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
तालिबान प्रशासन ने दावा किया कि पाकिस्तानी फाइटर जेट के खिलाफ जवाबी फायरिंग की जा रही है। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब क्षेत्र में पहले से ही अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के कारण तनाव बढ़ा हुआ है।
दोनों देशों के बीच बढ़ा सैन्य टकराव
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने पिछले सप्ताह भी अफगानिस्तान में कई सरकारी ठिकानों पर हमले किए थे। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान तालिबान आतंकियों को पनाह दे रहा है, जबकि तालिबान इन आरोपों से लगातार इनकार करता रहा है। तालिबान अधिकारियों ने हालिया हमलों को “खुली जंग” करार दिया है।
तालिबान का पलटवार का दावा
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तान ने काबुल के अलावा कंधार और अन्य क्षेत्रों में भी हमले किए। तालिबान रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 110 सैनिक मारे गए और 68 घायल हुए हैं। साथ ही 27 सैन्य चौकियों पर कब्जा करने और ड्रोन हमलों के जरिए पाकिस्तान के भीतर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात भी कही गई है।
पाकिस्तान का जवाबी दावा
वहीं पाकिस्तान सरकार ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उसके सैन्य अभियान में 331 तालिबान लड़ाके मारे गए हैं। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि 104 तालिबानी चौकियां नष्ट की गईं और 22 पर कब्जा कर लिया गया।
दोनों पक्षों के विरोधाभासी दावों के बीच सीमा क्षेत्र में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय हालात पर नजर बनाए हुए है।
