Shocking Murder Case in Shahjahanpur: Wife Turns Out to Be the Killer
शाहजहांपुर: से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी ही मुख्य आरोपी निकली है। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह घटना पुवायां थाना क्षेत्र के भटपुरा चंदू गांव की है। बीते दिन गांव निवासी 30 वर्षीय बलराम का शव उसके घर में चारपाई पर पड़ा मिला था। धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी।
मृतक के भाई राजू की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि बलराम की पत्नी पूजा के अपने भांजे आदेश से अवैध संबंध थे, जिनका बलराम लगातार विरोध कर रहा था।
पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी पत्नी पूजा ने बताया कि वारदात के वक्त उसके प्रेमी और एक अन्य साथी ने बलराम के पैर पकड़ रखे थे, जबकि उसने खुद धारदार हथियार से पति के गले पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला सोशल मीडिया पर रील बनाने की शौकीन थी, इसी दौरान उसके अवैध संबंध बने। विरोध करने पर उसने अपने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी पूजा, उसके प्रेमी आदेश समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
