Section 163 Imposed in Gautam Buddh Nagar Ahead of Holi and Ramadan
नोएडा: होली और रमजान के त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। यह आदेश विशेष रूप से होली के दिनों और रमजान के जुमे की नमाज को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि इस दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या सांप्रदायिक तनाव को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
इन नियमों का करना होगा पालन
- बिना अनुमति 5 या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने और जुलूस निकालने पर प्रतिबंध
- सरकारी कार्यालयों के 1 किलोमीटर दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक
- अन्य स्थानों पर ड्रोन या फोटोग्राफी के लिए पुलिस अनुमति अनिवार्य
- रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पूरी तरह बंद
- निर्धारित डेसीबल सीमा से अधिक ध्वनि पर कार्रवाई
- सार्वजनिक स्थानों पर नमाज, पूजा या धार्मिक आयोजन बिना अनुमति नहीं होंगे
- विवादित स्थानों पर धार्मिक गतिविधि या उकसावे को अपराध माना जाएगा
- धार्मिक झंडे, बैनर या पोस्टर बिना अनुमति लगाने पर रोक
- धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों के आसपास आवारा पशु छोड़ना प्रतिबंधित
- लाठी, डंडा, तलवार, चाकू, त्रिशूल, हथियार या ज्वलनशील पदार्थ लेकर चलना मना
- लाइसेंसी हथियारों को भी सार्वजनिक कार्यालयों में ले जाने की अनुमति नहीं
- शादी या बारात में हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित
- सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर साइबर पुलिस की नजर
- सार्वजनिक स्थानों पर शराब या नशे का सेवन वर्जित
- ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से अभद्रता करने पर कार्रवाई
- छतों या खुले स्थानों पर ईंट, पत्थर, कांच की बोतल या ज्वलनशील सामग्री जमा करना प्रतिबंधित
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस कमिश्नरेट ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह या भड़काऊ संदेश पर ध्यान न दें। जिले के सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी शुरू कर दिया गया है, ताकि त्योहारों के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे।
