Negligence at Saharanpur District Hospital: Woman Left in Agony on Floor, Family Carries Her Without Stretcher
रामबाबू मित्तल, सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला अस्पताल से मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। यहां गंभीर दर्द से पीड़ित एक महिला को समय पर स्ट्रेचर या व्हीलचेयर नहीं मिली, जिससे मजबूर होकर परिजनों को उसे गोद में उठाकर इमरजेंसी वार्ड तक ले जाना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया है।
जानकारी के मुताबिक, गंभीर बीमारी से जूझ रही महिला को परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। महिला की हालत नाजुक थी और वह दर्द से कराह रही थी। आरोप है कि परिजनों ने अस्पताल स्टाफ से कई बार स्ट्रेचर की मांग की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अंततः परिजन महिला को गोद में उठाकर इमरजेंसी वार्ड तक ले जाने को मजबूर हुए।
एक और मामले ने खोली व्यवस्था की पोल
इसी अस्पताल से जुड़ा लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक अन्य बीमार महिला पर्ची बनवाने के लिए लाइन में खड़ी थी। इस दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी और वह स्टाफ से बार-बार जल्द पर्ची बनाने की गुहार लगाती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल कर्मचारियों ने महिला से कह दिया कि यदि हालत ज्यादा खराब है तो वह खुद इमरजेंसी वार्ड चली जाए। कुछ ही देर बाद महिला की तबीयत और बिगड़ गई और वह अस्पताल परिसर में ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
बेहोशी के बाद भी नहीं मिला तत्काल सहयोग
हैरानी की बात यह रही कि महिला के गिरने के बाद भी मौके पर मौजूद अस्पताल कर्मचारी, पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान मूकदर्शक बने रहे। बाद में वहां मौजूद आम लोगों ने मानवता दिखाते हुए महिला को उठाया और इमरजेंसी वार्ड तक पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया।
फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।
सीएमएस ने दिया जांच का आश्वासन
मामले को लेकर जब जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) से बातचीत की गई तो उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
