Muzaffarnagar Encounter: ₹50,000 Rewarded Criminal Amjad Killed, Had Over 40 Cases Registered
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश अमजद मारा गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोलीबारी में उपनिरीक्षक संदीप कुमार और सिपाही इशफाक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मारा गया बदमाश अमजद शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसौली का निवासी था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, जानलेवा हमला और गैंगस्टर एक्ट समेत 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के अनुसार, अमजद उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तराखंड में भी आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा था। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
