Meerut Fire Tragedy: Blaze at Garment Trader’s House Claims 6 Lives Including Five Children
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक अग्निकांड में कपड़ा कारोबारी के घर में आग लगने से पांच मासूम बच्चों समेत छह लोगों की मौत हो गई। घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के किदवईनगर इलाके की है, जहां आग करीब दो घंटे तक धधकती रही। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोदाम में लगी आग से फैला धुआं
जानकारी के अनुसार रेडीमेड कपड़ों के कारोबारी इकबाल के तीन मंजिला मकान के निचले हिस्से में कपड़ों का गोदाम बना हुआ था। सोमवार रात करीब 9 बजे अचानक आग लग गई, जिससे गोदाम में रखा कपड़ों का स्टॉक जलने लगा और पूरे मकान में तेजी से धुआं भर गया। आग की लपटें सीढ़ियों तक पहुंचने से ऊपर की मंजिलों पर मौजूद लोगों का बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।
पड़ोसियों ने सीढ़ी लगाकर बचाए लोग
घटना के समय घर के पुरुष सदस्य मस्जिद गए हुए थे। ऊपर फंसे परिवार के सदस्य मदद के लिए चीखते रहे। पड़ोसियों ने सामने वाले मकान की छत से सीढ़ी लगाकर लोगों को निकालने का प्रयास किया। बचाव कार्य के दौरान मकान की दीवार भी तोड़नी पड़ी, जिसके जरिए फायर ब्रिगेड कर्मी अंदर पहुंचे।
दो घंटे बाद पाया गया आग पर काबू
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। बचाव अभियान के दौरान कुछ फायर कर्मी भी घायल हो गए। डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर लीक को आग का संभावित कारण माना जा रहा है।
इन लोगों की हुई मौत
- रुखसार (30) पत्नी आसिम
- अद्दस (3) पुत्र आसिम
- नबिया (6 माह) पुत्री आसिम
- इनायत (6 माह) पुत्री आसिम
- महविश (12) पुत्री फारूक
- हम्माद (4) पुत्र फारूक
सभी घायलों को हापुड़ रोड स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। कारोबारी इकबाल की पत्नी बानो की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
