Matriculation Examination in Bhagalpur-2026
भागलपुर, वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2026 को लेकर भागलपुर जिले में व्यापक तैयारी पूरी कर ली गई है। इस बार जिले के तीनों अनुमंडलों में कुल 61 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।अनुमंडल सदर भागलपुर में सबसे अधिक 42 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां प्रतिपाली परीक्षार्थियों की संख्या 16,576 है। वहीं नवगछिया अनुमंडल में 10 परीक्षा केंद्रों पर 3,372 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार कहलगाँव अनुमंडल में 9 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3,286 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
इस वर्ष की मैट्रिक परीक्षा की सबसे खास बात यह है कि लड़कों की तुलना में लड़कियों की संख्या अधिक है। जिले के कुल 51,974 परीक्षार्थियों में 27,303 छात्राएं शामिल हैं, जो बेटियों की बढ़ती शैक्षिक भागीदारी को दर्शाता है।
पिछले पाँच वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो लगातार छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक रही है।साल 2022 में कुल 48,006 परीक्षार्थियों में 22,950 छात्र और 25,056 छात्राएं थीं। वर्ष 2023 में 48,784 परीक्षार्थियों में 23,799 छात्र तथा 24,985 छात्राएं शामिल हुईं। वर्ष 2024 में कुल 53,860 परीक्षार्थियों में 26,645 छात्र और 27,215 छात्राएं रहीं। वहीं 2025 में 47,956 परीक्षार्थियों में 22,827 छात्र और 25,129 छात्राएं शामिल थीं। अब 2026 में भी छात्राओं की संख्या सर्वाधिक बनी हुई है।
सदर एसडीएम विकास कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा और स्वावलंबन को लेकर चलाई जा रही योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती छात्रा-संख्या समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता और बदलाव का संकेत है।मैट्रिक परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचार-मुक्त और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी और आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की है
