Indiscriminate Firing During Event in Kadipur, Sultanpur Creates Panic
सुल्तानपुर/कादीपुर: सुल्तानपुर जिले के कादीपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग खुलेआम की गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लाइसेंसी रायफल से कई राउंड फायर किए गए। गोलियों की आवाज सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कादीपुर थाना प्रभारी श्याम सुंदर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और घटना से जुड़े सभी संदिग्धों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।
