Holi Milan Celebration Organized at Kushwaha Hostel in Bihar Sharif
नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर स्थित कुशवाहा छात्रावास में कुशवाहा शाक्य सभा न्यास ट्रस्ट द्वारा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सचिव डॉ. चंदेश्वर प्रसाद ने कहा कि आज के समय में लोग इलेक्ट्रॉनिक दुनिया में इतने व्यस्त हो गए हैं कि पारंपरिक गायन को भूलते जा रहे हैं। यहां आयोजित होली गायन ने नई पीढ़ी को परंपरागत तरीके से किए जाने वाले सांस्कृतिक आयोजनों की याद ताजा करने का काम किया है। उन्होंने अपनी संस्कृति को संरक्षित रखने पर जोर दिया।
कोषाध्यक्ष डॉ. दिनानाथ वर्मा ने देशवासियों से शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील करते हुए कहा कि होली प्रेम और भाईचारे का पर्व है। यह बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और रंगों का यह पावन त्योहार सभी के जीवन में खुशियां लेकर आए। उन्होंने समाज के सभी वर्गों में सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की बात कही।
अध्यक्ष संजय कुमार आजाद ने कहा कि वर्तमान समय में पारंपरिक पद्धतियों को संजोकर रखना एक बड़ी चुनौती है। कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक होली गीत प्रस्तुत किए गए, जिन पर लोग झूम उठे। उपस्थित लोगों ने होली के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया।
