Five Policemen Killed, Three Critically Injured in Truck-Bolero Collision in Jharsuguda
झारसुगुड़ा (ओडिशा): ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झारसुगुड़ा सदर थाने के पास तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 5 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बोलेरो
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहा ट्रक काफी तेज गति में था और अचानक बोलेरो से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया और वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गया। अंदर बैठे जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मृत पुलिसकर्मियों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान एपीआर (आर्म्ड पुलिस रिजर्व) के जवान काशीराम भोई, देवदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होम गार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है। सभी की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घायलों की हालत नाजुक
इस दुर्घटना में तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल रेस्क्यू कर झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
ट्रक चालक भी घायल, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुस्मिता मिश्रा ने बताया कि घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। बोलेरो में सवार सभी लोग झारसुगुड़ा पुलिस विभाग के कर्मचारी थे। दो घायलों को गंभीर स्थिति के चलते रेफर किया गया है, जबकि एक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
ट्रक चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
