उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बारिश के बावजूद गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 200 फरियादियों से मुलाकात कर अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बारिश के कारण मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी दबंग ने किसी गरीब की जमीन पर जबरन कब्जा किया है तो उसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोग भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों से उपचार का अनुमानित खर्च (एस्टीमेट) शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पात्र मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
स्थान: गोरखपुर
