Ajit Pawar Plane Crash Probe: Missing Maintenance Records Raise DGCA Concerns
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से जुड़े प्लेन क्रैश मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की विशेष सुरक्षा ऑडिट के दौरान वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के कई विमानों के मेंटेनेंस रिकॉर्ड गायब पाए गए हैं, जिससे विमान सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
चार विमान ग्राउंड किए गए
जांच के बाद DGCA ने रजिस्ट्रेशन नंबर VT-VRA, VT-VRS, VT-VRV और VT-TRI वाले लियरजेट 40/45 विमानों को ग्राउंड कर दिया है। अधिकारियों को इन विमानों से जुड़े मेंटेनेंस और तकनीकी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराए जा सके, जिसके चलते इन्हें फिलहाल उड़ान की अनुमति नहीं दी गई है।
मेंटेनेंस से जुड़ी अहम जानकारी गायब
सूत्रों के अनुसार रिकॉर्ड न मिलने से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि विमानों ने कितने घंटे उड़ान भरी, उनकी समय पर सर्विसिंग हुई या नहीं, और खराब पुर्जों को नियमानुसार बदला गया था या नहीं। जांच एजेंसी को आशंका है कि अजीत पवार के इस्तेमाल वाले विमान की मेंटेनेंस में भी गंभीर लापरवाही बरती गई हो सकती है।
जांच में पहले भी उठे थे सवाल
बताया जा रहा है कि पहले सामने आई रिपोर्ट्स में भी कंपनी के विमानों की तकनीकी स्थिति पर सवाल उठाए गए थे। उसी आधार पर DGCA ने कंपनी के विमानों और दस्तावेजों की विस्तृत जांच शुरू की, जिसमें कई खामियां सामने आईं।
अन्य एयरलाइंस पर भी कार्रवाई की तैयारी
सूत्रों का कहना है कि DGCA ने कुछ अन्य छोटी एयरलाइंस का भी सुरक्षा ऑडिट किया है, जहां समान प्रकार की अनियमितताएं मिलने की आशंका है। जांच एजेंसियों को शक है कि कई मामलों में वीआईपी ड्यूटी में इस्तेमाल होने वाले विमानों की समय पर मेंटेनेंस नहीं कराई जा रही और उड़ान घंटों के रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी हो सकती है।
DGCA ने स्पष्ट किया है कि जब तक सभी तकनीकी कमियां दूर नहीं होतीं और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक संबंधित विमानों को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
