एटा, उत्तर प्रदेश। एटा जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के गहराना गांव में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान वीरवती (28 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और शरीर में तेज दर्द की शिकायत के बाद उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग फिरोजाबाद से गांव पहुंचे, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान: एटा, उत्तर प्रदेश (4TV News)
