बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र के मुंडा खेड़ा गांव में एक नाबालिग का शव खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, राज्य शर्मा, पुत्र धनंजय शर्मा, निवासी मुंडा खेड़ा, रविवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने अपने खेत पर गया था। काफी समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान नाबालिग का शव खेत में एक पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा मौके का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का आरोप है कि नाबालिग की हत्या कर उसके शव को फंदे से लटकाया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
