संभल (उत्तर प्रदेश): संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार ट्रक और सवारी से भरे ऑटो की आमने-सामने टक्कर के कारण हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बहजोई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मृतकों की शिनाख्त, घायलों के समुचित उपचार और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्टर: इस्लाम अली
स्थान: संभल, उत्तर प्रदेश
