सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर के बाहर बंधी तीन भैंसों को चोरी कर लिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई और भैंसों की बरामदगी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के औसानपुर गांव में रहने वाली एक महिला अपनी बेटियों के साथ घर में रहती है। महिला का कहना है कि लगातार बारिश के कारण भैंसों के बाड़े में पानी भर गया था, इसलिए उन्होंने तीनों भैंसों को घर के बाहर बांध दिया था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर रात के समय लाखों रुपये मूल्य की तीनों भैंसें चोरी कर ले गए।
पीड़िता का कहना है कि उनका मकान मुख्य सड़क से मात्र करीब 15 फीट की दूरी पर स्थित है। ऐसे में इतनी बड़ी चोरी होने के बावजूद किसी को भनक नहीं लगी। महिला ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी तो उन्हें कथित तौर पर जवाब मिला कि उनकी ड्यूटी समाप्त हो चुकी है और शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने जाएं।
घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमित और प्रभावी गश्त होती, तो संभवतः इस तरह की वारदात को रोका जा सकता था।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। चोरी करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
