सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रामकोट थाना क्षेत्र के मधुरा नगर गांव में कच्ची दीवार गिरने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण एक कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। उसी दौरान वहां मौजूद बुजुर्ग महिला दीवार के मलबे की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन तुरंत महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार हो रही बारिश के बीच इस हादसे ने ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी ली जा रही है। क्षेत्र में लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से जर्जर और कच्चे मकानों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग, सीतापुर
