सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव में लापता हुई डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची का शव करीब 22 घंटे बाद घर से लगभग 300 मीटर दूर एक आम के बाग में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भरवठिया मुस्तहकम गांव निवासी अनवर अली की करीब डेढ़ वर्षीय बेटी साजिदा रविवार शाम लगभग छह बजे अचानक लापता हो गई थी। परिजनों का कहना है कि बच्ची अपने मामा के बेटे इमरान के साथ टॉफी लेने गई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।
बच्ची के लापता होने के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। 112 नंबर पर सूचना देने के साथ डुमरियागंज थाने में तहरीर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी।
सोमवार शाम करीब चार बजे गांव के उत्तर दिशा में स्थित एक आम के बाग में बकरी चराने गए कुछ बच्चों ने कीचड़ में बच्ची का शव पड़ा देखा। बच्चों द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका की मां शबनम ने बच्ची के मामा के बेटे इमरान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इमरान ही टॉफी दिलाने के बहाने साजिदा को अपने साथ ले गया था। परिजनों का यह भी आरोप है कि इमरान हाल ही में मुंबई से गांव आया था और कथित तौर पर बदला लेने की बात कह रहा था।
वहीं, बच्ची की बड़ी मां नाजिया ने बताया कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन उन्हें इमरान पर संदेह है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। बच्ची की मौत का कारण और घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
