हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र में उरई रोड पर बिंगवा–कमहरिया मार्ग के पास दो कारों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क पर अचानक एक अन्ना पशु के आ जाने से दोनों कारों के चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके, जिसके चलते दोनों कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में से चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों कारों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
राठ क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ आवश्यक कार्रवाई की गई। फिलहाल दुर्घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट: अज़हर बेग, हमीरपुर
