बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने छिनैती की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी, घटना में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 29 जुलाई का है। रम्पुरा जाटान निवासी श्निर्देव कुमार जनसेवा केंद्र से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुलीराम इंटर कॉलेज के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके कंधे से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर मीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम 2 सितंबर की रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बलुपुरा चौराहे के पास दो संदिग्ध किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों की घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि, निवासी शिवपुरी, मीरगंज और विक्की, निवासी मालीपुरा, मीरगंज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने 29 जुलाई को दुलीराम इंटर कॉलेज के पास हुई छिनैती की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, .315 बोर का एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, छिनैती के 9,500 रुपये, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास, उनके अन्य साथियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मुठभेड़ के संबंध में भी अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: प्रवीन कुमार शर्मा, बरेली
