हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिम्भावली क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर में पनीर निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। इस दौरान करीब 1300 किलो संदिग्ध पनीर को नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3.74 लाख रुपये बताई जा रही है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चन्द्र शेखर मिश्र के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान जहीर, कादिर और जमीर के प्रतिष्ठानों से पनीर के तीन तथा दूध का एक नमूना जांच के लिए लिया गया।
खाद्य विभाग के अनुसार, पनीर अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा गया था और प्रथम दृष्टया मिलावटी प्रतीत होने पर करीब 1300 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। वहीं, सरताज के प्रतिष्ठान से भी पनीर और दूध के नमूने लेकर करीब 80 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
इसके अलावा ग्राम बझेड़ाकला में बिक्री के लिए ले जाए जा रहे 300 लीटर दूध से भरे एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई। विभाग के मुताबिक, दूध प्रथम दृष्टया मिलावटी और बदबूदार प्रतीत हुआ। इसके दो नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि शेष दूध को नष्ट करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
