42 Prohibited Cartridges Found at Retired Soldier’s House, Wife Exposes the Secret
गाजियाबाद। के मोदीनगर इलाके में एक रिटायर्ड फौजी के घर से 42 प्रतिबंधित कारतूस बरामद होने का मामला सामने आया है। यह कार्रवाई निवाड़ी रोड स्थित राजाकुंज कॉलोनी में की गई, जहां फौजी की पत्नी की शिकायत के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। घरेलू विवाद और मारपीट के आरोपों के बीच इस खुलासे ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोप है कि पूर्व सैनिक ने ये कारतूस सेना में तैनाती के दौरान चोरी कर घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस अब आरोपी आदेश कुमार की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार आदेश कुमार 1988 में जाट रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और 2009 में नौकरी छोड़कर मोदीनगर में पत्नी कविता और बच्चों के पास आ गए थे। इसके बाद उन्होंने 2011 से 2015 तक डिफेंस सिक्योरिटी कोर में सेवा दी। नौकरी छोड़ने के बाद पारिवारिक विवाद के कारण वह मेरठ में अपनी बहन के घर रहने लगे, जबकि पत्नी और बच्चे मोदीनगर में ही रह रहे थे।
पत्नी कविता का आरोप है कि पति ने सेना की नौकरी के दौरान कारतूस चुराकर घर में छिपा रखे थे। एक दिन उन्हें ये कारतूस एक मौजे में लिपटे हुए मिले। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। तलाशी के दौरान पुलिस को एक बक्से से 7.62 एमएम के 35, 9 एमएम के 5, 12 एमएम के 2 कारतूस और 5.56 एमएम का एक खोखा मिला। सभी कारतूस जब्त कर जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
कविता ने यह भी आरोप लगाया कि पति और ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट की थी। उन्होंने कमिश्नरेट ऑफिस में झूठी शिकायत भी की कि कविता ने लाइसेंसी हथियार छिपा लिया है। महिला का कहना है कि कारतूस मिलने के बाद वह बरेली जाकर रेजिमेंट अधिकारियों से भी मिली थीं, लेकिन वहां से कोई मदद नहीं मिली।
इसके बाद अधिकारियों की सलाह पर उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर आरोपी रिटायर्ड फौजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि कारतूस कहां से आए और इन्हें किस इरादे से रखा गया था।
