Thar Smashes Police Barricade in Lucknow, Stunt Video Goes Viral; Truck Driver Killed on Kisan Path
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार इलाके में सड़क सुरक्षा को खुलेआम चुनौती देने वाला एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में एक युवक बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी से पुलिस बैरिकेडिंग को टक्कर मारकर उड़ाता नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, युवक चलती गाड़ी से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट भी करता दिख रहा है।
यह वायरल वीडियो गोमतीनगर विस्तार की जी-20 रोड का बताया जा रहा है। फुटेज में देखा जा सकता है कि सफेद रंग की थार तेज रफ्तार में आती है और सड़क पर लगी पुलिस बैरिकेडिंग को जोरदार टक्कर मार देती है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने खुद इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था।
गोमतीनगर विस्तार थाना प्रभारी सुधीर अवस्थी ने बताया कि वीडियो के आधार पर थार सवार की पहचान की जा रही है। वाहन बिना नंबर का है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसान पथ पर दर्दनाक हादसा, ट्रक चालक की मौत
इसी बीच लखनऊ के बीबीडी इलाके से एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। किसान पथ पर ट्रक के टायर में फंसी गिट्टी निकाल रहे एक चालक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार सिंह (38) के रूप में हुई है, जो बिहार के छपरा जिले के रहने वाले थे। सुरेंद्र अपने परिवार के साथ रहते थे और ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने दोस्त पप्पू राय के साथ मुजफ्फरपुर से दिल्ली की ओर ट्रक लेकर जा रहे थे।
रविवार रात करीब 8:30 बजे, किसान पथ पर नरेंदी गांव के पास ट्रक के टायर से आवाज आने पर सुरेंद्र ने वाहन सड़क किनारे खड़ा किया और टायर की जांच करने लगे। इसी दौरान उन्हें दो टायरों के बीच गिट्टी फंसी हुई दिखाई दी, जिसे निकालते समय एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
पप्पू राय ने पुलिस की मदद से सुरेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक के भाई वीरेंद्र और अन्य परिजन लखनऊ पहुंचे। वीरेंद्र ने बताया कि सुरेंद्र के परिवार में पत्नी सोनी और बेटा सौरभ है।
पुलिस के अनुसार, पप्पू राय ने बताया कि हादसे के समय एक तेज रफ्तार डंपर वहां से गुजरा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश जारी है।
