Iron Sheet Flies Off Moving Bus, Injures Farmer Working In Field
कसरावद में बड़ा हादसा टला, बस से उड़ी लोहे की चादर किसान के पैर में लगी
खरगोन। जिले के कसरावद क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती बस के ऊपर रखी लोहे की चादर तेज हवा के कारण उड़कर खेत में काम कर रहे एक किसान को जा लगी। हादसे में किसान घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, दोगावा-कसरावद निवासी 30 वर्षीय पप्पू पिता मोहन अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक यात्री बस, जिसे स्थानीय स्तर पर पाटीदार बस या चढ़ाववाला बस कहा जाता है, के ऊपर रखी लोहे की चादर अचानक तेज हवा के कारण उड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चादर सीधे खेत में जाकर किसान के पैर से टकराई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल किसान की मदद की और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसा सुबह करीब 11:15 बजे का बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस संचालन में बरती गई लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वाहन के ऊपर रखे सामान को सुरक्षित तरीके से बांधकर ले जाना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। यदि लोहे की चादर किसी अन्य दिशा में जाती या सड़क पर गिरती, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।
फिलहाल घायल किसान का उपचार जारी है और मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है।
