Youth Commits Suicide by Hanging from Tree in Damoh
दमोह (मध्य प्रदेश): दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र के मोहरई गांव में आत्महत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रोहित राय के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले रोहित ने पेड़ पर चढ़कर अपने गले में फांसी का फंदा डालते हुए अपने एक दोस्त को वीडियो कॉल किया और अपनी समस्या बताई। वीडियो कॉल के दौरान मृतक ने एक नामजद व्यक्ति पर 50 हजार रुपये मांगने और दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया।
वीडियो कॉल के दौरान उसका दोस्त लगातार उसे समझाने की कोशिश करता रहा, लेकिन कुछ देर बाद रोहित ने फांसी का फंदा लगाकर पेड़ से कूद गया और “अलविदा” कहकर अपनी जान दे दी।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। इसमें मृतक अपने दोस्त से यह कहते हुए दिखाई दे रहा है कि उसने पहले उस व्यक्ति को दो लाख रुपये दिए थे, लेकिन अब उसे 50 हजार रुपये के लिए परेशान किया जा रहा था।
घटना की सूचना मिलने पर गैसाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हटा सिविल अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों ने गांव के ही घनश्याम अहिरवार पर ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी लोगों पर झूठी शिकायत कर दबाव बनाने के लिए जाना जाता है।
इस मामले में गैसाबाद थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
