Woman Accused of Murder Gives Birth to Baby Girl in Mahoba District Jail
महोबा: जिला जेल से मानवता की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है, जहाँ हत्या के आरोप में बंद महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। जेलर पीके मिश्रा ने इस मौके को यादगार बना दिया। ढोल-नगाड़ों और फूलों से सजी एंबुलेंस के साथ नन्हीं परी का जेल में स्वागत हुआ। सलाखों के पीछे आज सिर्फ खुशियाँ और जश्न का माहौल है।
महोबा के जिला उपकारागार में आज की सुबह कुछ अलग थी। यहाँ लोहे के दरवाजों की गूँज नहीं, बल्कि ढोल-नगाड़ों की थाप सुनाई दे रही थी। मौका था जेल में एक नन्हीं लक्ष्मी के आगमन का। हत्या के संगीन आरोप में बंद एक महिला कैदी ने जब बेटी को जन्म दिया, तो जेल प्रशासन ने उसे एक अपराधी की संतान नहीं, बल्कि एक मासूम बिटिया मानकर उसका स्वागत किया।
दरअसल, हमीरपुर जनपद की रहने वाली सीमा अपने पति लोकेश के साथ प्रेमी की हत्या के आरोप में मई 2025 से जेल में बंद है। सीमा जब जेल आई थी, तब वह पांच माह की गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहाँ उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
जेलर पीके मिश्रा, जो खुद दो बेटियों के पिता हैं, उन्होंने इस खबर को सुना तो भावुक हो गए। उन्होंने तय किया कि इस बच्ची का स्वागत किसी राजकुमारी की तरह होगा। जेलर के निर्देश पर एंबुलेंस को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। जब जच्चा-बच्चा जेल पहुंचे, तो वहां मौजूद बंदी और कैदी खुद को रोक नहीं पाए और खुशी में झूम उठे। महिला सुरक्षाकर्मियों ने बच्ची की नजर उतारी, उसे दुलार किया और निछावर भी की। जेलर ने बच्ची को गोद में लेकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जेल की कालकोठरी में यह जश्न यहीं नहीं रुकने वाला। जेल प्रशासन अब जिला जज से अनुमति लेकर जेल परिसर में ही छठी का भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है, जहाँ विधि-विधान से बच्ची का नामकरण किया जाएगा।
