Who is Anshika Verma? IPS Officer Set to Marry Sambhal SP KK Bishnoi
बरेली: उत्तर प्रदेश के दो आईपीएस अधिकारियों की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। संभल के एसपी केके विश्नोई और बरेली साउथ की एसपी अंशिका वर्मा जल्द ही विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों अधिकारियों की शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। वह मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं। वहीं, केके विश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और इस समय संभल जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत हैं।
दोनों अधिकारियों की मुलाकात गोरखपुर में तैनाती के दौरान हुई थी। उस समय केके विश्नोई एसपी सिटी और अंशिका वर्मा एएसपी के पद पर कार्यरत थीं। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा और बाद में परिवार की सहमति से दोनों ने शादी का फैसला लिया।
संभल एसपी केके विश्नोई मस्जिद प्रकरण के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा में आए थे, जबकि अंशिका वर्मा बरेली में अपने सख्त और प्रभावी पुलिस एक्शन के कारण सुर्खियों में रही हैं।
शादी के कार्यक्रम 26 मार्च से शुरू होंगे। इस दिन संभल में हल्दी और संगीत समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 28 मार्च को जोधपुर के एक रिसॉर्ट में मेहंदी की रस्म होगी। 29 मार्च को विवाह समारोह और 30 मार्च को विदाई कार्यक्रम रखा गया है।
अंशिका वर्मा का जन्म 3 जनवरी 1996 को प्रयागराज में हुआ था। उनके पिता अनिल वर्मा पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में चीफ इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी मां वंदना वर्मा गृहिणी हैं। तीन बहनों में अंशिका सबसे छोटी हैं।
उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई गर्ल्स हाई स्कूल और सेंट मैरी स्कूल से की। 2012 में ICSE बोर्ड से हाईस्कूल और 2014 में इंटरमीडिएट प्रथम श्रेणी से पास किया। इसके बाद उन्होंने नोएडा के गलगोटिया कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक किया।
बीटेक के बाद उन्हें नौकरी का ऑफर मिला, लेकिन उन्होंने इसे ठुकराकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा 2020 में 136वीं रैंक हासिल कर आईपीएस बनने का सपना पूरा किया।
