US-Spain Tensions Rise Over Iran Attack, PM Pedro Sánchez Calls War a ‘Historic Mistake’
मैड्रिड: ईरान के खिलाफ अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को लेकर अमेरिका और स्पेन के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इस युद्ध को “ऐतिहासिक गलती” बताते हुए इसका विरोध किया है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्पेन के साथ व्यापार समझौते खत्म करने की धमकी दे चुके हैं।
प्रधानमंत्री सांचेज ने एक बार फिर अपना “No to War” संदेश दोहराते हुए कहा कि वैश्विक संकटों का समाधान युद्ध से नहीं बल्कि कूटनीति और बातचीत से निकलना चाहिए। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
स्पेन के रुख से नाराज अमेरिका
दरअसल, स्पेन ने अमेरिका के उस अनुरोध को मानने से इनकार कर दिया था, जिसमें ईरान पर हमले के लिए दक्षिणी स्पेन में स्थित सैन्य अड्डों का संयुक्त रूप से इस्तेमाल करने की बात कही गई थी। स्पेन सरकार ने साफ कहा कि वह किसी तीसरे देश के खिलाफ अपने सैन्य अड्डों के उपयोग की अनुमति नहीं देगी।
स्पेन के इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पेन के साथ व्यापारिक समझौते तोड़ने की धमकी दी थी और स्पेन को लेकर कड़ी टिप्पणी भी की थी।
पहले भी रहे हैं मतभेद
ट्रंप और सांचेज के बीच यह पहला विवाद नहीं है। इससे पहले भी स्पेन ने ट्रंप की उस मांग को ठुकरा दिया था जिसमें नाटो सहयोगियों से रक्षा खर्च बढ़ाने की अपील की गई थी। इसके अलावा सांचेज गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई के भी आलोचक रहे हैं, जबकि ट्रंप ने उस कार्रवाई का समर्थन किया था।
स्पेन सरकार ने इजरायल के साथ कुछ रक्षा समझौते भी रद्द किए थे, जिसके बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव बढ़ गया था। अब ईरान मुद्दे पर मतभेद के कारण अमेरिका और स्पेन के रिश्तों में एक नया विवाद खड़ा हो गया है।
