Two Indian Nationals Killed in Oman Attack Amid West Asia Crisis
नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस संघर्ष का असर अब आम नागरिकों पर भी पड़ रहा है। ओमान के सोहार शहर में हुए एक हमले में भारत के दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य भारतीय घायल बताए जा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच ओमान के सोहार में हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की जान चली गई। उन्होंने कहा कि ओमान में स्थित भारतीय मिशन स्थानीय अधिकारियों और संबंधित कंपनी के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
सरकार ने संसद को यह भी बताया कि वर्तमान समय में ईरान में लगभग 9,000 भारतीय नागरिक रह रहे हैं। इनमें छात्र, व्यापारी, फैक्ट्री कर्मचारी, तीर्थयात्री, नाविक और मछुआरे शामिल हैं।
विदेश राज्य मंत्री पवित्रा मारग्रेटा ने राज्यसभा में दिए लिखित उत्तर में कहा कि ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्हें स्थानीय परिस्थितियों पर नजर रखने, स्थानीय मीडिया से जानकारी लेते रहने और किसी भी आपात स्थिति में दूतावास के संपर्क में रहने को कहा गया है।
