Tragedy in Lucknow: Man Dies in Road Accident While Returning After Distributing Wedding Cards, Marriage Was 11 Days Away
लखनऊ। शादी से महज 11 दिन पहले खुशियों से भरा एक घर पल भर में मातम में बदल गया। दोस्त को शादी का कार्ड देकर लौट रहे एक युवक की लखनऊ में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रविवार रात बीबीडी थाना क्षेत्र में आनंदी वॉटर पार्क के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार दो युवक सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान गोपी कुमार के रूप में हुई है, जो गुडंबा थाना क्षेत्र के श्रीकृष्ण पुरवा के रहने वाले थे। गोपी पेशे से कार चालक थे। उनके पिता मनोज कुमार कपड़े प्रेस करने का काम करते हैं। गोपी की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं—9 फरवरी को तिलक और 11 फरवरी को बारात महमूदाबाद जानी थी।
रविवार को गोपी अपने ममेरे भाई गोविंद कुमार के साथ बाराबंकी के मित्तई गांव में शादी का कार्ड देने गए थे। लौटते समय शाम करीब 7:30 बजे, नेवाजपुरवा इलाके में आनंदी वॉटर पार्क के पास उनकी बाइक खड़े डंपर से जा टकराई।
राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को लोहिया संस्थान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गोपी को मृत घोषित कर दिया। गोविंद की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
शादी की खुशियां बदलीं मातम में
हादसे में घायल गोविंद, गोपी के मामा देशराज का बेटा है। परिवारवालों के अनुसार दोनों ममेरे भाई होने के बावजूद सगे भाइयों की तरह रहते थे। गोविंद शादी को लेकर बेहद उत्साहित था और पिछले दो हफ्तों से गोपी के साथ तैयारियों में जुटा हुआ था।
गोपी के परिवार में मां मंजू, दो छोटे भाई संतोष और आकाश हैं। घर में पहली शादी होने वाली थी, हर तरफ खुशियों का माहौल था। लेकिन हादसे की खबर मिलते ही पूरा परिवार सदमे में आ गया। मां मंजू बेसुध हो गईं, वहीं पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जब गोपी का शव गांव पहुंचा, तो शादी के गीतों की जगह हर ओर सिर्फ आंसू और सन्नाटा था।
बीबीडी थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश जारी है और परिजनों से अंतिम संस्कार के बाद आगे की कार्रवाई के लिए संपर्क किया जाएगा।
