The death of BLO and Anganwadi worker Gulnaz Tabassum has caused a stir.
मुरादाबाद: काम के दबाव में टूटी ज़िंदगी! बीएलओ व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गुलनाज़ तबस्सुम की मौत से हड़कंप
मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गुइयां बाग, अथर अली रोड निवासी बीएलओ एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता गुलनाज़ तबस्सुम की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस घटना ने प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर किया, जहां रात करीब 9 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों का बड़ा आरोप
परिवार का आरोप है कि गुलनाज़ पर आंगनवाड़ी के साथ बीएलओ का अत्यधिक कार्यभार था। लगातार काम के दबाव और समयसीमा के कारण वे मानसिक तनाव में थीं। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार छुट्टी की मांग की, लेकिन अवकाश स्वीकृत नहीं किया गया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
गुलनाज़ के पति मोहम्मद ताहिर निजी फर्म में मजदूरी करते हैं। वर्ष 2010 में शादी हुई थी। उनके 6 वर्षीय बेटे हमज़ा और बेटी सिदरा फातिमा के सिर से मां का साया उठ गया है। घर में कोहराम और इलाके में शोक की लहर है।
