Taliban Claims Airstrike on Pakistan’s Noor Khan Airbase
काबुल/इस्लामाबाद: अफगानिस्तान के तालिबान शासन ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले करने का दावा किया है। इन ठिकानों में रावलपिंडी स्थित पाकिस्तान वायुसेना का अहम नूर खान एयरबेस भी शामिल बताया गया है। यह वही एयरबेस है जिसे भारत ने पिछले वर्ष मई में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान निशाना बनाया था।
तालिबान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रविवार को पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को टारगेट किया गया। इनमें नूर खान एयरबेस के अलावा बलूचिस्तान के क्वेटा स्थित 12वीं कोर मुख्यालय और खैबर पख्तूनख्वा की मोहमंद एजेंसी में ख्वीजो मिलिट्री कैंप समेत अन्य स्थान शामिल हैं।
पाकिस्तानी हमलों के जवाब में कार्रवाई का दावा
अफगान मीडिया आउटलेट टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा काबुल, बगराम और अन्य इलाकों में की गई बमबारी के जवाब में की गई है। मंत्रालय ने दावा किया कि इन हमलों से पाकिस्तानी सैन्य ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
तालिबान के अनुसार, शनिवार और रविवार की रात किए गए जवाबी हमलों में पाकिस्तान के 32 सैनिक मारे गए। रक्षा मंत्रालय के डिप्टी प्रवक्ता सेदुकुल्लाह नसरत ने कहा कि तालिबान बलों ने पाकिस्तानी सेना के दो ड्रोन भी मार गिराए।
क्वेटा में एयर स्ट्राइक का दावा
रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया गया कि अफगान सेना ने रविवार सुबह अफगान समयानुसार करीब 11 बजे क्वेटा शहर में स्थित एक सैन्य कोर पर एयर स्ट्राइक की। तालिबान का कहना है कि यह कार्रवाई पाकिस्तान की पिछली रात की गई सैन्य कार्रवाई के जवाब में की गई।
तालिबान प्रशासन के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने नंगरहार प्रांत के गनी खैल जिले में ड्रोन हमले किए थे, जिनमें आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाया गया। तालिबान के जारी आंकड़ों के मुताबिक, 22 फरवरी से महीने के अंत तक पाकिस्तान के हमलों में 52 नागरिकों की मौत और 66 लोग घायल हुए हैं।
हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और दोनों देशों के बीच सीमा क्षेत्र में तनाव लगातार बना हुआ है।
