Sonbhadra Toll Plaza Assault Case: Police Take Swift Action, Two Accused Arrested
सोनभद्र।उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद काफी चर्चा में आ गया था।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामजी तिवारी (निवासी हमीरपुर) और सर्वेश यादव (निवासी अंबेडकरनगर) के रूप में हुई है। घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। महिला अधिवक्ता आरती पाण्डेय अपने परिजनों के साथ ओबरा से रॉबर्ट्सगंज की ओर कार से जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, लोढ़ी टोल प्लाजा पर तकनीकी कारणों से आगे खड़े वाहन का टोल संदेश क्लियर नहीं हो पाया, जिससे लेन संख्या तीन में वाहनों की कतार लग गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। इसी बात को लेकर टोल कर्मियों और वाहन सवारों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि टोल कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से अधिवक्ता के परिजनों के साथ मारपीट की। जब अधिवक्ता आरती पाण्डेय ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना का वीडियो वहां मौजूद राहगीरों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अधिवक्ता समुदाय में भारी रोष फैल गया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य 7 से 8 टोल कर्मियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी कर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
