Signs of LPG Shortage in UP: Long Queues in Lucknow–Barabanki, Commercial Cylinders Allegedly Sold in
गाजियाबाद/लखनऊ/बाराबंकी: ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर अब उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी दिखाई देने लगा है। रसोई गैस के घटते स्टॉक की आशंका के बीच गैस एजेंसियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई पर रोक लगा दी है। इसका असर अब घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर भी देखने को मिल रहा है। गाजियाबाद, लखनऊ और बाराबंकी में उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
गाजियाबाद में गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में लगभग 40 प्रतिशत तक कटौती हो रही है। कई जगहों पर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर मिलना मुश्किल हो गया है। जहां सिलेंडर उपलब्ध हैं, वहां अधिक कीमत वसूले जाने के आरोप लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि 1833 रुपये की कीमत वाला कॉमर्शियल सिलेंडर 2390 रुपये तक में बेचा जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जमाखोरी करने वालों पर नजर रखी जा रही है और घरेलू गैस की आपूर्ति में बड़ी समस्या नहीं आने दी जाएगी।
राजधानी लखनऊ में भी उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों ने पहले ही सिलेंडर बुक करवा रखा है, लेकिन एजेंसियों पर भरे हुए सिलेंडर नहीं पहुंचने के कारण सप्लाई में देरी हो रही है। एजेंसियों का कहना है कि जैसे ही स्टॉक आएगा, उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
बाराबंकी में भी गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग होने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने कहा कि गैस सप्लाई से जुड़ी जानकारी इंडियन ऑयल कंपनी के अधिकारी ही दे सकते हैं।
गैस कंपनियों द्वारा दूसरा सिलेंडर देने की अवधि 15 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन किए जाने से भी उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। मसौली क्षेत्र की एक गैस एजेंसी के मैनेजर ने बताया कि त्योहारों के कारण छुट्टियां होने से गैस का लोड नहीं पहुंच सका, जिससे एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई है और बड़ी संख्या में सिलेंडर की डिलीवरी लंबित है।
मसौली क्षेत्र के डेहुआ गांव निवासी उपभोक्ता आशुतोष कुमार ने बताया कि वह दो दिनों से गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिल पाया। वहीं किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी ने भी बताया कि घर में गैस खत्म होने के बाद एजेंसी ने पहले बुकिंग कराने को कहा है, जिसके बाद ही सिलेंडर मिलने की बात कही जा रही है।
