Shreya Ghoshal Reacts to Arijit Singh’s Retirement
नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी की देर रात अपने शानदार सिंगिंग करियर से संन्यास लेने की घोषणा कर सभी को चौंका दिया। उनकी इस अचानक रिटायरमेंट की खबर से जहां फैंस भावुक हो गए, वहीं फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने उन्हें आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसी बीच अरिजीत सिंह की करीबी और मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल ने भी उनकी रिटायरमेंट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। श्रेया ने इसे किसी युग का अंत मानने से इनकार किया है।
अरिजीत सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की जानकारी दी थी। इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए श्रेया घोषाल ने लिखा कि यह अरिजीत के करियर का एक नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि वह यह देखने और सुनने के लिए बेहद उत्साहित हैं कि यह जीनियस आगे क्या नया करेगा।
श्रेया घोषाल ने अपने बयान में कहा कि वह इसे कभी भी एक युग का अंत नहीं मान सकतीं। उनके अनुसार, अरिजीत जैसे प्रतिभाशाली कलाकार को किसी तय ढांचे या फॉर्मूले में नहीं बांधा जा सकता और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
श्रेया के इस बयान से साफ है कि वह अरिजीत सिंह की प्रतिभा और भविष्य को लेकर बेहद सकारात्मक हैं। गौरतलब है कि अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की जोड़ी ने अब तक कई सुपरहिट गाने दिए हैं और दर्शकों के बीच दोनों की केमिस्ट्री काफी पसंद की जाती रही है।

