Husband Hired Killers for ₹5 Lakh to Murder Cancer-Stricken Wife, Used ‘Saree Money’ as Codeword
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र में 2 फरवरी की सुबह हुई रीता शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस जघन्य वारदात के पीछे मृतका का पति राहुल शर्मा ही मास्टरमाइंड था, जिसने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी की हत्या करवाई।
इस साजिश में राहुल शर्मा के दो दोस्त—शेरा और फिरोज—भी शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
‘साड़ी के पैसे’ बना हत्या का कोडवर्ड
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि आरोपी पति राहुल शर्मा ने हत्या की सुपारी देने और पैसों के लेन-देन को छिपाने के लिए ‘साड़ी के पैसे’ को कोडवर्ड बनाया था, ताकि बातचीत किसी को संदिग्ध न लगे। इसी कोडवर्ड के जरिए हत्या से जुड़ी बातचीत की जाती थी।
गला काटकर की गई थी हत्या
रीता शर्मा की हत्या बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर रुस्तमपुर गांव में गला काटकर की गई थी। वारदात के समय राहुल शर्मा ने खुद को शादी समारोह में जाना बताया था। बाद में घर लौटकर उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए यह कहानी रची कि लूट का विरोध करने पर उसकी पत्नी की हत्या कर दी गई।
अवैध संबंध और पारिवारिक विवाद बना वजह
मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस को बताया था कि राहुल शर्मा के गांव की ही एक महिला से अवैध संबंध थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। रीता शर्मा के कैंसर से पीड़ित होने के बाद घरेलू हालात और बिगड़ गए, जिसके बाद राहुल ने हत्या की साजिश रच डाली।
ऐसे रची गई पूरी साजिश
पुलिस पूछताछ में राहुल शर्मा ने कबूल किया कि उसने शेरा और फिरोज को 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी और दोनों की 60-60 हजार रुपये की उधारी भी माफ कर दी थी। हत्या के बाद शक से बचने के लिए तीनों आरोपी ग्राम नानई में एक शादी समारोह में पहुंचे, वहां फोटो खिंचवाए और फिर बाइक से बिजनौर स्थित दुकान पर जाकर रात बिताई।
अगली सुबह राहुल शर्मा घर लौटा और पत्नी की हत्या को लूट की वारदात बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष की तहरीर पर पति राहुल शर्मा, सास गायत्री शर्मा, ससुर विनोद शर्मा और एक महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
