Shahjahanpur: Negligence of Cantonment Board Leaves Public Toilet in Shambles
शाहजहांपुर: से इस वक्त एक गंभीर और शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां छावनी परिषद की लापरवाही ने सार्वजनिक शौचालय को बदहाली का प्रतीक बना दिया है। हरदोई बस अड्डे के नाम से प्रसिद्ध इलाके में स्थित सुलभ शौचालय की हालत इतनी खराब है कि लोग मजबूरी में इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
ये तस्वीरें शाहजहांपुर छावनी परिषद क्षेत्र की हैं। हरदोई बस अड्डे के परिसर में बना सुलभ शौचालय आज खुद बदहाली की दुर्गंध बयां कर रहा है।
शौचालय और बाथरूम के कई दरवाजे टूट चुके हैं, तो कई कक्ष ऐसे हैं जिनमें दरवाजे हैं ही नहीं। महिलाएं यहां आती हैं तो शर्मिंदगी महसूस करती हैं, वहीं पुरुष भी मजबूरी में इन शौचालयों का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं।
यहां पानी की स्थिति भी बेहद खराब है। इतना गंदा पानी आ रहा है कि कोई हाथ तक लगाने से कतराता है। नालियां भरी हुई हैं, चारों ओर गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
यह सुलभ शौचालय आसपास के क्षेत्र के महिला-पुरुषों के साथ-साथ राहगीरों और बस चालकों द्वारा रोजाना इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन इसके बावजूद रखरखाव पूरी तरह से नदारद है।
पूर्व सदस्य, छावनी परिषद निशांत यादव ने बताया कि “इस शौचालय की हालत बहुत ही खराब है। कई बार शिकायत की जा चुकी है, मैंने खुद भी अधिकारियों को अवगत कराया है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकला। महिलाओं और आम जनता को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। इसकी नियमित मेंटेनेंस बेहद जरूरी है।”
सवाल ये है कि जब स्वच्छ भारत अभियान की बात की जाती है, तब ऐसे सार्वजनिक शौचालयों की बदहाली के लिए जिम्मेदार कौन है? अब देखना होगा कि छावनी परिषद इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करती है।
