Pakistan–Taliban Border Clash Intensifies, Afghan Forces Claim Capture of 8 Pakistani Posts
काबुल: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर एक बार फिर भीषण झड़पें हुई हैं। तालिबान शासन के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात अफगान सेना ने कंधार और जाबुल प्रांतों से सीमा पार कर पाकिस्तान की सैन्य चौकियों पर हमला किया।
मंत्रालय के डिप्टी प्रवक्ता सेदिकुल्लाह नुसरत के अनुसार, अब तक आठ पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया गया है। इनमें कंधार क्षेत्र में पांच, खोस्त में दो और जाबुल में एक चौकी शामिल बताई गई है। सीमा पर कई इलाकों में झड़पें जारी होने की जानकारी भी दी गई है।
तीन पाकिस्तानी सैनिकों की मौत का दावा
सूत्रों के मुताबिक, कंधार के स्पिन बोल्डक क्षेत्र में अफगान बलों ने सीमा पार कर तीन पाकिस्तानी सैन्य पोस्ट अपने कब्जे में ले लीं। इस दौरान तीन पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने और एक के पकड़े जाने का दावा किया गया है।
अफगान सैन्य सूत्रों ने यह भी कहा कि जाबुल प्रांत के शामुलजई जिले में एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया गया। इसके अलावा सोमवार को कंधार में भी एक ड्रोन गिराए जाने की बात कही गई है। कुल मिलाकर एक दिन में चार ड्रोन नष्ट किए जाने का दावा किया गया है।
पाकिस्तानी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक का दावा
इससे पहले तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि उसने पाकिस्तान के अंदर कई महत्वपूर्ण सैन्य अड्डों को निशाना बनाया। मंत्रालय के अनुसार, यह कार्रवाई काबुल और अन्य अफगान इलाकों पर पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई।
अफगान पक्ष का कहना है कि रावलपिंडी, क्वेटा, खैबर पख्तूनख्वा समेत कई स्थानों पर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिससे नुकसान हुआ। पक्तिका प्रांत के अंगूर अडा क्षेत्र में एक पाकिस्तानी बख्तरबंद टैंक को नष्ट करने का भी दावा किया गया है।
संघर्ष जारी, बड़े नुकसान के दावे
तालिबान का कहना है कि जवाबी कार्रवाई के बाद से 100 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और 30 से ज्यादा चौकियों पर कब्जा किया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्रीय हालात चिंताजनक बने हुए हैं और दोनों देशों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
